तालाब में नहाने गई दो बहनें डूबी, दोनों की हुई मौत

  • Devendra
  • 20/04/2018
  • Comments Off on तालाब में नहाने गई दो बहनें डूबी, दोनों की हुई मौत

निकटवर्ती हुरड़ा के बरेली तालाब की घटना, गहराई में चले जाने से हुआ हादसा
गुलाबपुरा। (सीपी जोशी) निकटवर्ती हुरड़ा गांव में गुरूवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। बरेली तालाब में नहाने गई दो मासूम बहनों की डूबने से मौत हो गई। एक गहराई में डूबने लगी तो दूसरी छोटी बहन को बचाने के लिए दौड़ी थी। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार हुआ।

गुलाबपुरा थानाधिकारी सतीश मीणा ने बताया कि हुरड़ा निवासी पुखराज गर्ग की नौ साल की पुत्री पूर्णिमा और आठ वर्ष की लड़की देविका कुछ बच्चों के साथ सुबह गांव में स्थित बरेली तालाब में नहाने गई। पानी में अठखेलियां करते हुए देविका गहराई में चली गई। इससे वह डूबने लगी। देविका की चीख सुनकर किनारे पर नहा रही पूर्णिमा उसे बचाने के लिए दौड़ी। दोनों गहराई में चले जाने से डूब गई।

इस दौरान वहां नहा रहे अन्य बच्चे डर गये। उनमें से एक बालक गांव की ओर दौड़ा और उसने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सरपंच कैलाश जाट की अगुवाई में ग्रामीण तालाब में कूदे। करीब बीस मिनट के बाद दोनों बहनों को बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान परिजन भी वहां पहुँच गए। मौके पर कोहराम मच गया। उनको गुलाबपुरा अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों बहनों का पोस्टमार्टम कराया।

घटना के बाद शोक में हुरड़ा के बाजार बंद हो गए। पेशे से ऑटो चालक पुखराज स्कूली बच्चों को लाने व ले लाने का काम करता हैं। उनके एक बड़ी पुत्री व सबसे छोटा पुत्र है परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं हैं। शव गांव पहुँचते ही घर के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया।

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com
Skip to toolbar