
तापमान 43 डिग्री के पार, शीतल पेय की मांग बढ़ी
बिजयनगर। प्रदेश में इन दिनों सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए लोग सुबह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक घरों में दुबके रहते हैं। इसके चलते दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसर जाता है। कस्बे सहित क्षेत्र में दिन का तापमान 43 डिग्री के आसपास रहता है तथा तापमान में कमी और बढ़ोत्तरी होना भी जारी है इसके चलते गर्मी ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है।
गर्मी से बचने के लिए लोगों को अपने घरों में रखे कूलरों की साफ-सफाई कर उनका उपयोग करना शुरू कर दिया है। वहीं इन दिनों बाजारों में विभिन्न इलेक्ट्रोनिक्स की दुकानों पर पंखे व कूलर खरीदने वाले ग्राहकों की भीड़ उमडऩे लगी है। इसी तरह गली मोहल्ले व बाजार में आइसक्रीम की बिक्री में इजाफा हुआ है।
इसी तरह गन्ने की चरखियां व सोडा बेचने वाले ठेलों पर भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। इसी तरह हलवाईयों की दुकानों पर लोग लस्सी और बर्फ कलाकंद का लुत्फ उठा रहे हैं। होटल व रेस्टोरेंट पर कोल्ड ड्रिंक्स की बिक्री में तेजी आई हैं।
बदला खान-पान
तापमान में वृद्धि के साथ ही मौसम बदलने का असर लोगों के खान-पान पर भी पड़ा है। गृहणियां अब भोजन के साथ परिजनों को धनिये-पोदिने की चटनी तथा दही व छाछ परोसने लगी हैं। इसी तरह लोग अब विभिन्न प्रकार के दही के रायते व मैंगोशेक का भी लुत्फ उठा रहे हैं।