
उदयपुर। (वार्ता) राजस्थान के उदयपुर में आज संपन्न हुई छह दिवसीय एशियन पावर लिफ्टिंग चैम्पियनशिप 2018 में भारत ने सबसे अधिक 36 स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। प्रतियोगता में भारत ने 36 स्वर्ण, 19 रजत तथा 10 कांस्य पदक हासिल किये ,वहीं दूसरे स्थान पर रहे कजाकिस्तान ने नौ स्वर्ण, छह रजत एवं सात कांस्य पदक जीते। चीन आठ स्वर्ण ,एक रजत एवं एक कांस्य पदक जीतकर तीसरे स्थान पर रहा।
इसके अलावा फिलीपींस ने छह स्वर्ण, चार रजत एवं चार कांस्य पदक जीते जबकि ईरान ने पांच स्वर्ण, एक रजत पदक जीता। इण्डोनेशिया ने पांच स्वर्ण पदक हासिल किए। हांगकॉग को तीन स्वर्ण एवं एक कांस्य, लेबनान को एक स्वर्ण तथा अबेजकिस्तान को एक स्वर्ण एवं एक रजत पदक मिला।इसके अलावा ओमान ने एक स्वर्ण, दो रजत एवं एक कांस्य तथा अफगानिस्तान ने दो कांस्य पदक हासिल किये। एशियन पावर लिफ्टिंग चैम्पियनशिप 2018 में स्ट्रांग मेन सीनियर में इंडोनशिया के डोनी मैयन्तो प्रथम तथा इंडोनेशिया के मुजी सेशनों उपविजेता जबकि इंडोनेशिया के विकी अरायन्तो तीसरे स्थान पर रहे।