
जयपुर। (वार्ता) नवगठित दीनदयाल वाहिनी ने पूर्व मुख्यमंत्रियों के सरकारी बंगले खाली करने की मांग को लेकर सिविल लाइंस में प्रदर्शन कर अध्यादेश की प्रतियां जलायी और गिरफ्तारियां दी। वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांगानेर विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति नही मिलने के बावजूद कार्यकर्ता सिविल लाइंस पहुंचे और अध्यादेश की प्रतियां जलाकर विरोध प्रकट किया और गिरफ्तारियां दी।
उन्होंने पुलिस प्रशासन पर शांतिपूर्ण आंदोलन को अनुमति नहीं देकर लोकतांत्रिक कृत्य करने का आरोप लगाते हुये कहा कि पुलिस सरकार की एजेंट बनकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र का दमन करना है और इस तरह की तानाशाही के खिलाफ वाहिनी अपनी आवाज और जोर से उठायेगी।
वाहिनी के जयपुर शहर अध्यक्ष विमल अग्रवाल ने कहा कि पुलिस द्वारा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को जगह जगह रोका गया, इसके बावजूद सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल पहुंचे और प्रतियां जलाकर रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद मुख्यमंत्री को सिविल लाइन्स स्थित 13 नंबर बंगले को खाली कर तुरंत आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास 8 नंबर बंगले में जाना चाहिये।