
नई दिल्ली। (वार्ता) उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के एम जोसेफ को शीर्ष अदालत का न्यायाधीश बनाने की सिफारिश फिर करने पर सिद्धांत: सहमति बनी है। काॅलेजियम की आज हुई बैठक में फैसला किया गया कि उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश बनाने के लिए अन्य उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के नामों के साथ न्यायमूर्ति जोसेफ के नाम की सिफारिश फिर केन्द्र सरकार को की जाये। अन्य नामों पर अभी विस्तृत विचार-विमर्श करना है। काॅलेजियम की अगली बैठक 16 मई को अपराह्न 4:15 बजे होगी।
काॅलेजियम में यह भी तय किया गया कि उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश बनाने के लिए अन्य नामों पर फैसला 16 मई ही को किया जायेगा। काॅलेजियम की आज बैठक न्यायमूर्ति जोसेफ काे उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश बनाने के लिए 10 जनवरी को किये गये फैसले पर फिर मुहर लगाने के वास्ते की गयी। काॅलेजियम में उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा, न्यायमूर्ति जस्ती चेलमेश्वर, रंजन गोगोई, मदन भीमराव लोकुर आैर कुरियन जोसेफ हैं। काॅलेजियम में सर्वसम्मति से सहमति बनी कि न्यायमूर्ति के एम जोसेफ को उच्चतम न्यायालय का न्यायमूर्ति बनाने का फैसला बरकरार रखा जाये।