
बेंगलुरु। (वार्ता) कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येद्दियुरप्पा ने कांग्रेस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाते हुए विधानसभा में आज विश्वास मत प्रस्ताव पर मतदान से पहले ही अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी। श्री येद्दियुरप्पा ने दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने विधानसभा में पेश विश्वास मत प्रस्ताव को सदन में कार्यवाही के दौरान आगे नहीं बढ़ाया।
श्री येद्दियुरप्पा ने विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद अपने भावुक संबोधन में कांग्रेस पर साजिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस पार्टी ने यह सुनिश्चित किया कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) बहुमत साबित नहीं कर पाये। भाजपा ने गत 12 मई को हुए विधानसभा चुनाव में 104 सीटें जीतीं तथा राज्यपाल वजूभाई वाला ने उसे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। राज्यपाल ने उसे बहुमत सिद्ध करने के लिए 15 दिनों का समय दिया।
इस बीच कांग्रेस ने उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। शीर्ष न्यायालय ने हस्तक्षेप करते हुए आज शाम चार बजे श्री येद्दियुरप्पा को बहुमत साबित करने का आदेश दिया। श्री येद्दियुरप्पा तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। वर्ष 2007 में उनका कार्यकाल महज सात दिनों का रहा था। दूसरी बार वह वर्ष 2008 में मुख्यमंत्री बने लेकिन खनन घोटाले में लोकायुक्त की ओर से भ्रष्टाचार के आरोप लगाये जाने के कारण उन्हें 2011 में इस्तीफा देना पड़ा।