
अजमेर। (वार्ता) राजस्थान में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर ने सीनियर सैकण्डरी कला वर्ग का परीक्षा परिणाम आज घोषित कर दिया जिसमें लड़कियों ने बाजी मारी। बोर्ड मुख्यालय स्थित सभागार में शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने सायं सवा छह बजे परिणाम घोषित किया। परीक्षा का परिणाम 88.92 प्रतिशत रहा। गतवर्ष की तुलना में यह 0.13 प्रतिशत कम रहा। घोषित परिणामों में एक बार फिर बालिकाओं ने बाजी मारी है।
श्री देवनानी ने बताया कि परिणामों में छात्राओं का परिणाम 91.46 प्रतिशत रहा जबकि छात्रों को 86.67 प्रतिशत पर संतोष करना पड़ा। एक बार फिर सरकारी स्कूलों ने 90.53 प्रतिशत परिणाम देकर अपनी सफलता दर्ज कराई और प्राइवेट स्कूलों को 89.05 प्रतिशत पर ही संतोष करना पड़ा। इस तरह सरकारी स्कूलों का परिणाम डेढ़ प्रतिशत ज्यादा रहा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों की शिक्षा की ओर विशेष ध्यान दे रही है। इसी का परिणाम है कि सरकारी स्कूलों मे साल दर साल परिणामों में सुधार नजर आ रहा है। देवनानी ने बालिकाओं के प्रति बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ मिशन के साथ साथ शिक्षा के क्षेत्र मे किए जा रहे नवाचारों को भी सरकारी स्कूलों मे परिणामों के बेहतर आने का श्रेय दिया। उधर राजस्थान बोर्ड वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा के परिणाम भी 90.31 प्रतिशत रहा। इसमें लड़कियों का परिणाम 91.25 तथा लड़कों का 89.31 प्रतिशत रहा। इस वर्ष का परिणाम 4.52 ज्यादा रहा। इस परीक्षा में 3210 परीक्षार्थियों ने भाग लिया।