
जोधपुर। (वार्ता) केंद्रीय रेल एवं वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि देश में तेल के दाम बढ़ने के कारण आम आदमी की बढ़ती दिक्कतों को सरकार समझ रही है और इस बारे में शीघ्र ही कोई निर्णायक फैसला किया जाएगा। श्री गोयल आज यहां प्रेस वार्ता में केन्द्र सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर उसकी उपलब्धियां गिना रहे थे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़ रहे है। इसका सीधा असर देश पर पड़ रहा है और इससे आम आदमी अछूता नहीं रह पाया है। उन्होंने तेल के दाम बढ़ने पर सरकार को चिंतित बताते हुए कहा कि इस कारण आम आदमी की बढ़ती दिक्कतों को सरकार समझ रही है तथा इस बारे में शीघ्र ही कोई निर्णायक फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तेल पर टैक्स से सरकार को हुई आमदनी के कारण देश में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ी है और इसका फायदा आम आदमी को मिल रहा है। श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है तथा उनकी कार्यकुशलता के कारण दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। देश की अर्थव्यवस्था भी तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने कामकाज संभाला, तब देश की आर्थिक स्थिति डांवाडोल थी। मोदी सरकार की नीतियों के कारण आज देश दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्था में शामिल हो पाया है। उन्होंने कहा कि पहले की अपेक्षा देश में दो गुना विदेशी निवेश आया है। नोटबंदी के माध्यम से काले धन पर प्रहार किया गया।
किसान आंदोलन पर श्री गोयल ने कहा कि सरकार को किसानों की पूरी चिंता है। सरकार ने किसानों के लिए पहले भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिसका उन्हें लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है और वर्ष 2022 तक उन्हें उपज का दोगुना दाम दिलाने का लक्ष्य है।