
नई दिल्ली। (वार्ता) पर्यावरण और वन मंत्री डॉ हर्ष वर्धन ने स्कूली बच्चों से ‘पर्यावरण रक्षक’ की भूमिका निभाकर प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और इससे पर्यावरण को होने वाले नुकसान से निपटने में देश तथा समाज की मदद करने का आज अाह्वान किया।
डॉ हर्ष वर्धन ने पर्यावरण दिवस पर यहां आयोजित मिनी मैराथन में शामिल हुए दिल्ली तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के दो से ज्यादा स्कूलों के दस हजार से अधिक बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों में किसी भी बुराई को खत्म करने की असाधारण क्षमता होती है। प्लास्टिक हमारे पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा है और इसके नुकसान से समाज को बचाने में बच्चे मदद करें।
उन्होंने कहा कि बच्चे पर्यावरण को बचाने और खासकर प्लास्टिक से होने वाले नुकसान को कम करने में देश, समाज तथा सरकार की बड़ी मदद कर सकते हैं इसलिए उन्हें पर्यावरण रक्षक के रूप में आगे आना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने बच्चों से कहा कि वे पर्यावरण के अनुकूल एक काम हर दिन हाथ में लें और दैनिक गतिविधियों में प्लास्टिक का इस्तेमाल समाप्त करने में अपना सहयोग दें। इस अवसर पर प्लास्टिक प्रदूषण तथा नदी संरक्षण की विषय वस्तु पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयेाजित किये गये।