
जम्मू। (वार्ता) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ)के महानिरीक्षक राम अवतार ने आज कहा कि पाकिस्तान ने एक बार फिर जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिना किसी उकसावे के सीमावर्ती गांवों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की जो यह साबित करता है कि उस पर कतई भरोसा नहीं किया जा सकता है।
श्री अवतार ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा “ जैसाकि आप सभी जानते है कि पाकिस्तान अपनी कही बात पर कभी नहीं टिकता और वह भरोसे के लायक नहीं है, क्योंकि दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों द्वारा संघर्षविराम पर सहमत होने के बाद भी आज सुबह पाकिस्तान ने जम्मू के पारगवाल और कान्हाचक इलाके में गोलाबारी की घटना को अंजाम दिया।”
उन्होंने गोलाबारी में शहीद बल के दो जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद कहा कि यह कोई छुटपुट गोलीबारी की घटना नहीं है बल्कि संघर्षविराम उल्लंघन का मामला है जिसके कारण हमारे दो जवान वीरगति को प्राप्त हो गए। श्री अवतार के मुताबिक सेना ने भी इस कार्रवाई का मजबूत और उपयुक्त जवाब दिया है, लेकिन सीमा के उस पार हुए नुकसान का अंदाजा अभी नहीं लगाया जा सकता है। भारत की ओर से केवल जवाबी कार्रवाई की गई है जिसमें किसी नागरिक क्षेत्र को निशाना नहीं बनाया गया है।