
नई दिल्ली। मानसून तय समय से एक दिन पहले गुरुवार को दिल्ली पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। अगले दो-तीन दिन में इसके पूरे देश में छा जाने की संभावना है। मानसून इस बार तय समय से करीब 15 दिन पहले देशभर में फैल जाएगा। दिल्ली में इसके पहुंचने की सामान्य तिथि 29 जून है, जबकि यह 28 जून को ही पहुंच गया। देश के अंतिम सिरे पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर में यह सामान्य तौर पर 15 जुलाई को पहुंचता है।
गुरुवार को मानसून और आगे बढ़कर गुजरात, पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों, पूरे हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली, पश्चिमी उप्र के शेष हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश व पंजाब पहुंच गया। मानसून के आने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं, धान की रोपाई का काम तेज हो गया है। वहीं पहाड़ों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।