
श्रीनगर। (वार्ता) दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में आंतकवादियों ने गुरुवार रात अपहरण कर एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी है।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि दो से तीन आतंकवादियों के एक समूह ने गुरुवार रात 27 वर्षीय सिपाही जावेद अहमद डार का शोपियां जिले के वेहिल गांव स्थित उनके घर के पास से अपहरण कर लिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बलों के जवान तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और अगवा सिपाही की तलाश के लिए अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि श्री अहमद का शव शुक्रवार सुबह बरामद हुआ।
उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी आतंकवादी समूह ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। शोपियां जिले में पिछले एक महीने में सुरकर्मियों के अपहरण की यह तीसरी घटना है।
उल्लेखनीय है कि शहीद औरंगजेब को 14 जून को आतंकवादियों ने अगवा कर लिया था और बाद में उनकी हत्या कर दी थी। गोलियों से छलनी उनका शरीर गुसू गांव में मिला था। वही पुलवामा में जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी) में मुंशी के तौर पर कार्यरत एक पुलिसकर्मियों को आतंकवादियों ने नौपोरा गांव में स्थित उनके घर से अगवा कर लिया था और बाद में उन्हें सकुशल छोड़ दिया था।