
नई दिल्ली। भारत के युवा मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्बिया में 36वें गोल्डन ग्ल्व टूर्नामेंट में 17 पदक हासिल किए जिसमें सात स्वर्ण, छह रजत पदक और चार कांस्य पदक शामिल हैं। सात स्वर्ण में से चार स्वर्ण पुरुषों ने जीते जबकि तीन सोने के तमगों पर महिलाओं ने कब्जा जमाया। तीन-तीन रजत पदक पुरुषों और महिलाओं के नाम रहे। कांस्य पदक जीतने के मामले में भारतीय महिलाएं आगे रहीं। उन्होंने तीन कांस्य पदक जीते।
अमन ने 91 किलोग्राम से अधिक के भारवर्ग में हंगरी के फेलफोल्दी लास्ज्लो को 5-0 से मात दी। वरुण सिंह ने सर्बिया के जोकसिमोविच लास्ज्लो को 49 किलोग्राम भारवर्ग में 3-2 से मात देते हुए स्वर्ण जीता। आकाश कुमार ने अर्जेंटीना के मिर्को जेहिएल कुएलो को 56 किलोग्राम भारवर्ग में 3-2 से हरा भारत की झोली में एक और सोना डाला। विजयदीप ने भी 69 किलोग्राम भारवर्ग में भारत को सोना दिलाया। अमन ने हंगरी के खिलाड़ी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने संभल कर शुरुआत की लेकिन बाद में अपने विपक्षी पर दबाव बनाया। उन्होंने फेलफोल्दी के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। दूसरे राउंड के अंत तक यह साफ हो गया था कि कौन इस मैच का विजेता होगा।