
जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सरकारी धन के दम पर गौरव यात्रा निकालकर प्रदेश की जनता के साथ धोखा कर रही है तथा यह यात्रा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार का कारण बनेगी। श्री खाचरियावास ने आज यहां कलेक्ट्रेट सर्किल पर सैकड़ों कांग्रेस प्रदर्शनकारियों और लोगों को सम्बोधित करते हुये कहा कि सरकारी खजाना जनता के खून-पसीने की कमाई के टैक्स के रूप में एकत्रित किया गया है, उस पर पहला अधिकार जनता का है, इस पैसे को चुनाव प्रचार के काम में लेना प्रदेश की बदहाल जनता की पीठ में खंजर घोपने के समान है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वसुंधरा सरकार ने जनता के लिए रोटी-रोजगार के लिये कोई काम नहीं किया। चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। हर वर्ग दुखी और परेशान है, गांव, खेत-खलिहान, शहर और कस्बों में रहने वाले लोग परेशानियों, दर्द, महंगाई, कुशासन और सरकारी जुल्म और घमण्ड से परेशान है। फिर भी सरकारी पैसे के दम पर अपनी असफलताओं से ध्यान हटाने के लिये मुख्यमंत्री ने भाजपा की गौरव यात्रा शुरू की है। उन्हें यह बताना चाहिये कि प्रदेश का गौरव भाजपा ने कब और कैसे बढ़ाया।
श्री खाचरियावास ने कहा कि वसुंधरा शासन की सरकारी खजाने के दम पर यह अंतिम यात्रा होगी। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री सरकारी पैसे के दम पर यात्रा निकाल सकती है, लेकिन इस यात्रा को जनता का कोई समर्थन मिलने वाला नहीं हैं। प्रदेश की जनता का आशीर्वाद कांग्रेस पार्टी के साथ है। उन्होंने कांगेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश की जनता पर हो रहे भाजपा के जुल्म के खिलाफ पिछले साढ़े चार वर्ष से राजस्थान की सड़कों पर संघर्ष कर रही है, इसे परिणाम तक पहुंचाने का वक्त आ गया है। जब तक भाजपा सरकार की यात्रा चलेगी तब तक जयपुर में कांग्रेस पार्टी रोजाना वार्डों में धरने, प्रदर्शन और भाजपा सरकार के पुतला दहन के कार्यक्रम करके जुल्म, अन्याय एवं भ्रष्टाचार की पोल खोलती रहेगी।