
हुरड़ा। गुरूवार देर शाम कांग्रेस संगठन का मेरा गौरव मेरा बूथ कार्यक्रम कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व विधायक हगामी लाल मेवाड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। तहसील क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों सर्रेरी, कंवलियास, टोंकरवाड, तस्वारिया, बड़ला, रूपाहेली, बराठिया, कोटडी में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित होने के बाद आज शाम कस्बे में पहुंचने पर कांग्रेस के संगठन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इसके बाद संस्कार गुरुकुल विद्यापीठ में आयोजित सभा में स्थानीय ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केदार लाल बेरवा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। पूर्व विधायक मेवाडा ने कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ की जिम्मेदारी देते हुए प्रत्येक मतदाता को कांग्रेस के समर्थन में मतदान करवाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष शर्मा ने भाजपा के 4 वर्षों के शासन को कलंक बताते हुए आगामी चुनाव में कांग्रेस को जिताने का आह्वान किया। एवं प्रत्येक बूथ की जिम्मेदारी नियुक्त किए गए कार्यकर्ताओं को मन से पूरी करने के निर्देश भी दिए और चुनाव के लिए अभी से जी जान से जुट जाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आसींद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लादूलाल गुर्जर, पूर्व डेयरी अध्यक्ष छोगालाल गुर्जर, युवक कांग्रेस नगर अध्यक्ष अशोक कुड़ी, उपप्रधान मधुसूदन पारीक, पूर्व उप जिला प्रमुख गजमल जाट, वीर तेजा संस्थान के अध्यक्ष पुखराज चौधरी, रमेश जाट, पूर्व विधानसभा चुनाव युवा प्रभारी गजराज जाट, हगामी लाल मेवाड़ा, कन्हैयालाल माली, रामप्रसाद खटीक, सद्दीक मोहम्मद, रामपाल लढा, मनीष मेवाड़ा, भागचंद मेवाड़ा, देवकरण मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।