
जयपुर। राजस्थान विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने कहा है कि राज्य में पांच सितम्बर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कुशासन का अंत करने एवं किसान सशक्तिकरण के साथ किसान राज की स्थापना का संकल्प लिया जायेगा। श्री डूडी ने आज यहां सिविल लाईन स्थित अपने निवास पर किसान जागरण कार्यक्रम में किसानों के सामने एेलान करते हुए कहा कि पांच सितम्बर से राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। इस दिन से आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश के हजारों गांवों में भाजपा के कुशासन का अन्त करने तथा प्रदेश में किसान सशक्तिकरण के साथ किसान राज की स्थापना का संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसान अपने गांव-ढ़ाणी में स्थानीय कुएं, बावड़ी, तालाब, नदी-नहर के पानी से यह संकल्प लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों का सम्पूर्ण कर्जा माफ नहीं कर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने वादा खिलाफी की है, प्रदेश में किसान आत्महत्या कर रहे हैं और मुख्यमंत्री अपने महलों में गौरव यात्रा के नगाड़े बजा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज किसान जागरण की इसलिए जरूरत पड़ी, क्योंकि प्रदेश के किसान को कुचला जा रहा है जबकि राजस्थान किसानों का प्रदेश है। इसलिए प्रदेश के हर गांव-ढाणी में कांग्रेस के झण्डे तले किसान पानी हाथ में लेकर किसान सशक्तिकरण का प्रण लेंगे।
श्री डूडी ने कहा कि किसान जागरण सिविल लाईन में इसलिए हुआ है क्योंकि सामने मुख्यमंत्री का महल और सरकार के बड़े मंत्रियों की कोठियां हैं ताकि यह सरकार प्रदेश के किसानों की आवाज सुने और सदन में सम्पूर्ण कर्जामाफी की घोषणा करे तथा किसान आत्महत्या एवं युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर श्वेतपत्र जारी करे, नहीं तो मुख्यमंत्री को मानसून सत्र के दौरान सदन में ही इस्तीफा दे देना चाहिए।
इस मौके उन्होंने सरकार की विफलता का 20 पेज का एक फोल्डर भी जारी किया। उन्होंने इन्दिरा गांधी नहर, माही, सोम, जाखम, चम्बल, नर्मदा, चन्द्रभागा, परवन, आहू, बनास और काली सिंध नदियों के पानी को एक कलश में मिलाकर इस जल का आचमन कर किसान सशक्तिकरण का प्रण लिया।
इन सभी नदियों का जल अलग-अलग कलशों में लेकर ग्रामीण महिलाएं लोकगीत गाती हुई मंच पर पहुंचीं और ये कलश श्री डूडी सहित पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया, पूर्व केन्द्रीय मंत्री नमो नारायण मीणा, महादेव सिंह खण्डेला, सुभाष महरिया, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ0 बी डी कल्ला, नारायण सिंह, डॉ0 चन्द्रभान, पूर्व मंत्री मास्टर भंवरलाल, पूर्व सांसद गोपाल सिंह, रामनारायण मीणा, अश्क अली टाक, राजस्थान जाट महासभा के अध्यक्ष राजाराम मील, विधायक भंवर सिंह भाटी, घनश्याम महर, विवेक धाकड़, किसान कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप चौधरी आदि प्रमुख नेताओं को सौंपे।