
गुलाबपुरा नगर पालिका अध्यक्ष धनराज गुर्जर ने किया भव्य प्रतिमा का अनावरण एवं एम्बुलेंस का लोकार्पण
गुलाबपुरा। (खारीतट सन्देश) स्थानीय बस स्टेण्ड पर 15.5 फीट ऊची और राजस्थान की प्रथम विशाल भव्य चेतक पर सवार वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण गुरूवार को नगर पालिका अध्यक्ष धनराज गुर्जर के कर कमलों से हुआ। इससे पूर्व सम्पूर्ण आसींद विधानसभा से भाजपा कार्यकर्ताओं ने खेड़ा चौंसला स्थित भगवान देवनरायण मंदिर से एक भगवा दुपहिया वाहन रैली का शुभारम्भ किया जो कस्बे के मुख्य मार्गो से होते हुए आयोजन स्थल बस स्टेण्ड पर जाकर सम्पन्न हुई। तत्पश्चात अनावरण कार्यक्रम के तहत समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों सहित उपस्थित संतों का माला पहनाकर व शॉल भेंट कर पालिकाध्यक्ष धनराज गुर्जर द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की कड़ी में पालिका अध्यक्ष गुर्जर ने क्रेन की मदद से चेतक पर सवार महाराणा प्रताप की विशाल प्रतिमा को माला पहनाकर अनावरण किया। तत्पश्चात आयोजित आमसभा को सम्बोधित करते हुए गुर्जर ने कहा कि मेवाड़ महाराणा प्रताप की वीर भूमि है इस भूमि पर हमें जन्म मिला ऐसा हमारा सौभाग्य हैं। कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष करतारसिंह राठौड़, पालिका उपाध्यक्ष प्रदीप रांका, श्रीराम मंदिर के महंत चेतनदास महाराज सहित संत मंडली, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष सांवरनाथ योगी, भाजयुमो अध्यक्ष पींटूसिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष कांता सोमाणी सहित सभी पार्षदगण मौजदू रहे। कार्यक्रम के अंत में पालिकाध्यक्ष धनराज गुर्जर सहित मौजूद अतिथियों द्वारा पालिका प्रशासन की ओर से शहर में संचालित होने वाली नि:शुल्क एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया।