
जयपुर। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों के हड़ताल आज छठे दिन बाद भी जारी रही। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। अपनी मांगों को लेकर निगम के कर्मचारियों द्वारा रोडवेज बसों का चक्का जाम करने से प्रदेश में लाखों यात्रियों को परेशानी हाे रही है वहीं इसका फायदा उठाकर निजी बसें यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं।
राजधानी जयपुर में रोडवेज श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चे ने अपनी मांगों को लेकर रैली निकालना चाहा लेकिन कानून व्यवस्था का हवाला देकर पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। इस पर कर्मचारियों ने जयपुर केन्द्रीय बस अड्डे पर ही प्रदर्शन कर अपनी मांगे शीघ्र मानने की मांग की। उधर राज्य सरकार ने रोडवेज कर्मचारियों के नेताओं को वार्ता के लिए नहीं बुलाया।
इसी तरह जोधपुर में संयुक्त मोर्चा की ओर से राइका बाग स्थित केंद्रीय बस स्टैंड पर जारी धरना और चक्काजाम के तहत प्रदर्शन किया गया।
उल्लेखनीय है कि सातवां वेतनमान देने, नई बसों की खरीद, नई भर्ती करने और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को परिलाभ देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर रोड़वेज कर्मचारी गत सत्रह सितंबर से हड़ताल पर चले गये। इससे रोड़वेज को करोड़ों का घाटा उठाना पड़ रहा हैं।