
नगर पालिका की ओर से जारी किया नोटिस
बिजयनगर ।स्वीकृत नक्शे के साथ निर्माण स्वीकृति लेने के बाद से ही नियम कानून को ठेंगा बताते हुए मनमाने तरीके से कॉम्पलेक्स का अवैध निर्माण जारी रहने पर नगर पालिका प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। ब्यावर रोड पर राजकीय चिकित्सालय के सामने सुन्दर सेवा सदन के निर्माण कार्य में अनियमितताएं व नियमों की अनदेखी पर अब पालिका प्रशासन ने आंख लाल कर ली है। इस सम्बंध में पालिका प्रशासन ने सुंदर सेवा सदन c/o बलवीर चोरडिय़ा पब्लिक चेरिटेबल ट्रस्ट को नोटिस भेजकर अवैध निर्माण धवस्त करने के निर्देश दिए हैं।
अधिशासी अधिकारी ललितसिंह राठौड़ ने बताया कि सुन्दर सेवा सदन c/o बलवीर चोरडिय़ा पुत्र बिरदीचन्द चोरडिय़ा पब्लिक चेरिटेबल ट्रस्ट बापू बाजार को पालिका प्रशासन ने ग्राउण्ड फ्लोर+3 फ्लोर (मंजिल) की स्वीकृति प्रदान की थी। इसके बावजूद मौके पर अवैध रूप से तलघर सहित 5 मंजिले भवन का निर्माण कराया जा रहा है जो कि स्वीकृत नक्शे के अनुसार नहीं है। वर्तमान में राज्य सरकार की ओर से विधानसभा चुनाव 2018 के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू है।
उन्होंने बताया कि पालिका प्रशासन द्वारा पूर्व में 23 अगस्त 2018 को सुंदर सेवा सदन के नाम से एक नोटिस जारी किया गया था जिसमें बलवीर चोरडिय़ा को अवैध निर्माण धवस्त करने के लिए पाबंद किया गया था। इसके बावजूद मौके पर न तो अवैध निर्माण को धवस्त किया गया और न ही निर्माण कार्य बंद किया गया। यह मामला राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। नोटिस में चोरडिय़ा को चेतावनी दी गई कि मौके पर बनाए गए तलघर को मिट्टी से भरवाकर वर्तमान निर्माण कार्य को बंद कर लिखित में रिपोर्ट प्रस्तुत करें अन्यथा राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 के तहत पालिका प्रशासन अवैध निर्माण को धवस्त करने की कार्यवाही करेगा।
गौरतलब है कि शहर के व्यस्तम मार्ग पर संदर सेवा सदन जो कि धर्मशाला की जमीन है पर बलवीर चोरडिय़ा नामक व्यक्ति निर्माण कार्य करवा रहा है। इसका निर्माण कार्य शुरू से ही विवादों में रहा है। पालिका प्रशासन ने उक्त निर्माण के लिए न तो तलघर निर्माण की अनुमति दी और न ही पांच मंजिला इमारत खड़ी करने की इजाजत दी। इसके बावजूद बलवीर चोरडिय़ा की ओर से मौके पर तलघर का निर्माण करवा लिया गया है, जिसमें वर्तमान समय में घुटनों तक वर्षा का पानी भरा है। उक्त विवादित भूखण्ड पर जारी निर्माण कार्य लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।