
नई दिल्ली। (वार्ता) राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को बुधवार को बड़ा झटका लगा जब पार्टी विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के पुत्र मानवेन्द्र सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके साथ ही महाराष्ट्र के भाजपा विधायक आशीष देशमुख ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने आवास पर श्री सिंह तथा श्री देशमुख को पार्टी की सदस्यता दिलायी। कांग्रेस महा सचिव अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, पार्टी के राजस्थान प्रभारी अविनाश पांडे तथा कई अन्य प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा।
बाद में कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में श्री गहलोत तथा श्री सुरजेवाला ने यह जानकारी देते हुए बताया कि श्री गांधी ने उम्मीद जतायी है कि पूर्व सांसद तथा राजस्थान विधानसभा के सदस्य मानवेंद्र सिंह के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को फायदा होगा। श्री सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि वह और उनके साथी स्वाभिमानी हैं और वे कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ काम करेंगे। उन्होंने उम्मीद जतायी कि कांग्रेस के लिए उपयोगी साबित होंगे।