
मुम्बई। एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा की पहली फिल्म ‘‘पहुना : द लिटिल विजिटर्स’’ की रिलीज डेट सामने आ गई है। ये फिल्म 7 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सिक्किमी भाषा में बनाई प्रियंका की ये पहली फिल्म है। प्रियंका और उनकी मां मधु चोपड़ा के बैनर पर्पल पेबल पिक्चर्स द्वारा बनाई गई इस फिल्म का निर्देशन पाखी ए टायरवाला ने किया है। फिल्म की कहानी तीन नेपाली बच्चों के आस-पास घूमती है, जो अपने अभिभावकों से बिछड़ गए हैं और नेपाल में माओवादी आंदोलन से बच कर सिक्किम भाग जाते हैं। प्रियंका ने ट्विटर पर फिल्म की रिलीज की घोषणा की। उन्होंने लिखा ‘‘अंतत: इंतजार खत्म हुआ। ‘पहुना : द लिटिल विजिटर्स’ 7 दिसंबर 2018 को देश भर के थिएटरों में रिलीज होगी। यह एक खास फिल्म है और मैं यह खुशखबरी आपको देने के लिए इंतजार नहीं कर सकती।’’ साथ ही प्रियंका ने फिल्म का पोस्टर भी शेयर किया है।
पहुना जर्मनी में पिछले महीने संपन्न ‘‘श्लिंगेल इंटरनेशनल चिल्ड्रेन्स फिल्म फेस्टिवल’’ में अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में बेस्ट फिल्म (ज्यूरी च्वाइस) और स्पेशल मेन्शन बाई प्रोफेशनल ज्यूरी अवार्ड हासिल करने में सफल रही। भारत के सह निर्माण से बनी ‘पहुना’ का पिछले साल टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ था।