बीकानेर। राजस्थान में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा है कि राज्य में कांग्रेस किसानों का कर्जा माफ कराकर रहेगी।
गंगानगर जिले के घड़साना किसान आंदालन और सूरतगढ़ में किसान सम्मेलन में शिरकत करने जाते समय श्री पायलट ने नाल हवाई अड्डे के नजदीक पत्रकारों से कहा कि जब उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकारों ने किसानों के कर्जे माफ कर दिये तो राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ऋण माफी की घोषणा क्यों नहीं कर रहीं हैं। लगता है चुनाव से कुछ समय पहले कर्जे माफ कर दिये जायेंगे, लेकिन तब तक किसान इंतजार नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में पानी की किल्लत से फसलें बर्बाद हो रही हैं। कर्ज में डूबे किसान आत्महत्या कर रहे हैं। राज्य सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। राज्य में नौजवान, किसान परेशान हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगले चुनाव में राज्य की जनता उन्हें सबक सिखायेगी और भारी बहुमत से कांग्रेस का वापस सत्ता में लायेगी।
उन्होंने सवालों का जवाब में कहा कि कुछ अपवादों को छोड़कर राज्यों में चेहरा आगे लाकर चुनाव लड़ने की कांग्रेस की परम्परा नहीं है। उन्होंने राजस्थान में नेतृत्व के सवाल को टालते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता कांग्रेस को सत्ता में लाना है। गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल के मुद्दे पर कहा कि श्री पटेल ने ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर प्रतिबंध लगाया था।
इससे पहले श्री पायलट के साथ आये विधानसभा में विपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी ने कहा कि कांग्रेस किसानों के हित के लिये सदा संघर्ष करती रही है। पंचायत स्तर से लेकर विधानसभा में किसानों के हित के लिये आवाज उठाई है। उन्होंने राजस्थान में कांग्रेस के मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के सवाल पर कहा कि इसका निर्णय पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी करेंगे।
- Devendra
- 28/11/2017
- Comments Off on कांग्रेस किसानों का कर्जा माफ कराकर रहेगी- पायलट