अहमदाबाद। गुजरात में मतदान के पहले चरण से पहले चुनाव प्रचार चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने भरूच में रैली को संबोधित कर रहे हैं। रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, ‘कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने तक शासन किया। हमने देखा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस का क्या हाल हुआ। उत्तर प्रदेश और गुजरात दोनों को कांग्रेस के बारे में पता है।’ मोदी ने जनता से सवाल पूछते हुए कहा, ‘क्या आपको कांग्रेस के शासनकाल के दौरान भरूच की बदहाल कानून-व्यवस्था याद है? कर्फ्यू और हिंसा तब आम बात थी। भाजपा ने इसे न केवल भरूच में बदला बल्कि समूचे गुजरात में बदल दिया।’
उन्होंने कांग्रेस पर बंटवारे और जातिवाद की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी गुजरात में भाई-भाई को लड़ा रही है। जो यूपी कांग्रेस की कर्मभूमि रहा है, वो भी यह पार्टी हार गई है। रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, जिस तरह भगवान कृष्ण ने एक अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर अपनी ताकत दिखाई थी, उसी तरह आप 9 दिसंबर को वोटिंग मशीन पर भाजपा का बटन दबाकर अपनी ताकत दिखाना।
पीएम मोदी का भरूच और सुरेंद्रनगर के अलावा सौराष्ट्र क्षेत्र के राजकोट जाने का भी कार्यक्रम है। शाम को वह अहमदाबाद में स्वामी नारायण गुरुकुल विश्वविद्या प्रतिष्ठानम के अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर भाजपा एक विशाल जनसभा का आयोजन करने जा रही है। इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी वलसाड और भावनगर में विकास रैलियों को संबोधित करेंगे। वह जूनागढ़ और जामनगर में भी भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम 6 दिसंबर के बाद भी तीन चरणों में राज्य का दौरा करेंगे। इस दौरान उनके द्वारा 24 जनसभा और रैलियों को संबोधित किए जाने की संभावना है। इससे पूर्व बुधवार को भी मोदी ने सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था।