उदयपुर। शहर में निषेधाज्ञा तोड़कर जुलूस निकालने का प्रयास कर रहे लोगों को रोकने पर पुलिस पर हुए पथराव में 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पथराव कर रहे लोगों को पुलिस ने दो जगह बल प्रयोग कर खदेड़ा और करीब दो सौ लोगों को हिरासत में ले लिया जिन्हें दूर ले जाकर छोड़ दिया गया।
गत दिनों राजसमंद में हुए नृशंस हत्याकांड के बाद से आक्रोशित लोगों की ओर से निकाली जा रही रैलियों और सोशल मीडिया पर भड़काऊ प्रचार के कारण उदयपुर शहर में बुधवार को जिला कलेक्टर ने निषेधाज्ञा लगा दी। आज विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल आदि संगठनों के कार्यकर्ता निषेधाज्ञा तोड़कर जुलूस निकालने पर उतारू हो गए।
शहर में चेतक सर्किल और टाउन हॉल के पास लोग एकत्र होने लगे तो भारी मात्रा में वहां पुलिस पहुंची तो उत्पाती युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों जगह बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा।
पुलिस महानिरीक्षक आनन्द श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के पथराव में 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में पुलिस ने करीब दो सौ लोगों को हिरासत में ले लिया और पांच किलोमीटर दूर ले जाकर छोड़ दिया। घटना के बाद से शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है और भारी मात्रा में पुलिस और सुरक्षा बल शहर में गश्त लगा रहे हैं।