अलवर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर गत चार वर्ष के शासन में विकास कार्य ठप कर देने का आरोप लगाते हुए दावा किया हैं कि प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी।
पायलट ने आज अलवर जिले के रामगढ़ कस्बे में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन के अवसर पर पत्रकारों से यह बात कहीं। राजस्थान में विधानसभा चुनाव के नेतृत्व के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी आलाकमान तय करेगा लेकिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पहला मकसद राजस्थान में कांग्रेस को जीत दिलाना है और भाजपा को हराना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कौन होगा यह पता नहीं ,लेकिन सरकार कांग्रेस की बनेगी। उन्होंने गुजरात में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि गांधी के नेतृत्व में गुजरात में कांग्रेस ने चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 150 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा था लेकिन वह सौ से भी कम पर सीमट गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गृह राज्य होने के बावजूद भाजपा का जिस तरह का प्रदर्शन हुआ है उसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ा है।
उन्होंने कहा की गुजरात में कांग्रेस की सरकार नहीं बनी कोई बड़ी बात नहीं लेकिन गांधी के नेतृत्व में जिस तरह प्रदर्शन हुआ है उससे कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ा है। उन्होंने कहा कि गुजरात चुनाव के बाद राजस्थान में सरकार बदलने की मुहिम शुरू करनी है और अब राज्य में भाजपा चंद दिनों की मेहमान हैं।
पायलट ने अलवर लोकसभा के होने वाले उपचुनाव के संबंध में कहा कि राज्य में भाजपा को दो लोकसभा एवं एक विधानसभा उपचुनाव में हराया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा होने के बाद ही पार्टी प्रत्याशी की घोषणा की जायेगी।
इससे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा हमेशा नफरत की राजनीति करती है । विकास के नाम पर जनता के साथ छलावा करती है। ऐसी स्थिति में उसे सबक सिखाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जी जान से जुट जाना चाहिए।
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश राय पांडे ने कहा कि चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। कार्यकर्ता सम्मेलन कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए आयोजित किए जा रहे हैं जिनमें कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी जाती हैं और उनका निस्तारण भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में चुनाव लड़ेगी।