इंदौर। श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा ने दूसरे टी 20 मैच में अपना जलवा दिखाया। अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए मशहूर रोहित ने बेहद आक्रामक पारी खेली और अपने टी20 करियर का दूसरा शतक लगाया। रोहित की इस पारी के दम पर भारत ने 20 ओवर में 260 रन बनाए। टी20 में ये भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
सिर्फ 35 गेंदों पर पूरा किया अपना शतक
रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ अपना शतक पूरा करने के लिए सिर्फ 35 गेंदों का सहारा लिया। अपने शतक को पूरा करने के दौरान उन्होंने 11 चौके और 8 छक्के लगाए। इस मैच में उन्होंने कुल 118 रन बनाए और 43 गेंदों का सामना किया। रोहित का स्ट्राइक रेट 274.41 का रहा। ये रोहित के टी20 करियर का दूसरा शतक था। उन्होंने पहला शतक 2 अक्टूबर 2015 को धर्मशाला में द. अफ्रीका के खिलाफ लगाया था। उस मैच में रोहित ने 106 रन की पारी खेली।
सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड की बराबरी की
इंदौर में रोहित ने इतिहास रचते हुए टी20 प्रारूप में सबसे तेज शतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। रोहित से पहले क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में द. अफ्रीका के डेविड मिलर ने सबसे तेज 35 गेंदों पर शतक लगाया था। मिलर ने इसी वर्ष बांग्लादेश के खिलाफ ये उपलब्धि हासिल की थी। अब रोहित ने 35 गेंदों पर शतक लगाकर उनके रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
श्रीलंका के खिलाफ बनाया ये कमाल का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए श्रीलंका के खिलाफ लोकेश राहुल के साथ मिलकर 165 रनों की साझेदारी की। श्रीलंकाई टीम के खिलाफ टी 20 मैच में भारत की तरफ से ये सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी थी। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ भारत की तरफ से सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी रोहित और धवन के बीच पिछले वर्ष रांची में हुई थी। इस मैच में इन दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की थी।