पालिकाध्यक्ष धनराज गुर्जर ने खारीतट संदेश से साझा की नववर्ष 2018 का लक्ष्य
गुलाबपुरा नगर पालिका अध्यक्ष धनराज गुर्जर ने नववर्ष की भावी योजनाओं के बारे में खारीतट संदेश से साझा किया। वर्ष 2018 में वे शहर को कई सौगातें देने जा रहे हैं। अब ग्रीन गुलाबपुरा- क्लीन गुलाबपुरा पर काम होगा। प्रस्तुत है पालिकाध्यक्ष से बातचीत के प्रमुख अंश…
प्रश्न: आप के कार्यकाल का तीसरा वर्ष चल रहा है ऐसे में आपने अब तक कितने महत्वपूर्ण कार्य करवाये हैं?
उत्तर: जब वर्तमान भाजपा बोर्ड ने अपना कार्यभार सम्भाला था तो उस समय वर्षाकाल के समय शहर में जगह-जगह जल भराव की समस्या से लोग पीडि़त थे। अब भी कई जगह समस्या बनी हुई हैं, इसके लिए हमने शहर के डे्रनेज सिस्टम को सुधारने की कवायद शुरू कर दी है। कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही इसके सुखद परिणाम आप सबके सामने होंगे। डे्रनेज सिस्टम सुदृढ़ होने से क्लीन गुलाबपुरा का सपना साकार होगा।
प्रश्न: ग्रीन गुलाबपुरा के लिए आपकी क्या योजना हैं?
उत्तर: शहर में जहां भी चौड़े रास्ते हैं वहां डिवाइडर का निर्माण करा कर उनके बीच में नगरपालिका की ओर से पौधरोपण कर उनके रख-रखाव का कार्य किया जाएगा।
प्रश्न: फ्री वाई-फाई सुविधा अब तक कस्बे को नहीं मिली, ऐसा क्यों?
उत्तर: शहरवासियों को फ्री वाई-फाई सुविधा देने के लिए नगरपालिका प्रशासन प्रतिबद्ध है और इसके लिए प्लेटफार्म तैयार किया जा रहा है।
प्रश्न: शहर के बाजार में जगह-जगह आवारा पशु विचरण कर रहे हैं। इससे लोग परेशान हैं। नगरपालिका इन्हें क्यों नही पकड़ती है।
उत्तर: आवारा पशुओं की समस्या गम्भीर है। इसके निवारण के लिए नगरपालिका की ओर से शीघ्र ही दोवनिया बालाजी रोड पर कांजी हाउस का निर्माण करवाया जाएगा। कांजी हाउस के रख-रखाव की जिम्मेदारी किसी स्वयंसेवी संस्था को सौंपी जाएगी।
प्रश्न: आपका बोर्ड नए साल में लोगों को और क्या सौगातें देगा?
उत्तर: हाल ही में नगरपालिका बोर्ड ने कस्बे के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती होने वाले मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए एक भवन निर्माण का प्रस्ताव पारित किया है। इसके लिए बोर्ड ने 40 लाख के बजट पारित करवाया है। रोगियों को लाने व ले जाने के लिए नगरपालिका की ओर से राजकीय चिकित्सालय को एक रोगी वाहन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रश्न: नए वर्ष में नगर पालिका कौन से यादगार कार्य कराएगी?
गुलाबपुरा कस्बा मेवाड़ का प्रवेशद्वार है। इसलिए हम मेवाड़ के वीर योद्धा एवं स्वाभिमानी व मातृभूमि के लिए जान न्यौछावर कर इतिहास में अमिट छाप छोडऩे वाले वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की विशाल प्रतिमा बस स्टैण्ड चौराहे पर लगवाएंगे। अष्ट धातुओं से निर्मित यह प्रतिमा 15 फीट ऊंची होगी। चेतक पर सवार महाराणा प्रताप की प्रतिमा होगी। इसके अलावा मेवाड़ के लिए अपने पुत्र का बलिदान देने वाली वीरांगना पन्नाधाय सहित अन्य वीरों की चित्र प्रदर्शनी भी नगर पालिका की ओर से तैयार की जाएगी।