जयपुर। राजस्थान में सरकार के साथ बातचीत के बाद बारह दिन पुरानी सेवारत चिकित्सकों की हड़ताल आज समाप्त हो गई।
चिकित्सकों की सरकार के साथ वार्ता के बाद स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ ने बताया कि चिकित्सकों के साथ हुई सहमति के बाद राज्य में चिकित्सकों ने हड़ताल समाप्त कर दी हैं। जिससे प्रदेश में मरीजों को राहत मिली हैं।
उन्होंने बताया कि सेवारत चिकित्सक संघ के साथ गत बारह नवम्बर को हुए समझाैते को शत-प्रतिशत लागू किया जाएगा और राज्य में सेवारत चिकित्सक संघ के अध्यक्ष डॉ. अजय चौधरी का स्थानांतरण आदेश संशोधित कर उन्हें हिण्डौन के स्थान पर सीकर में सीएमएचओ लगाया गया है।
हड़ताल के कारण सरकार और चिकित्सकों के बीच गतिरोध को समाप्त करने के लिए श्री सराफ, परिवहन मंत्री युनूस खान, सहकारिता मंत्री अजय किलक, चिकित्सा राज्य मंत्री बंशीधर बाजिया और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी की सेवारत चिकित्सक संघ के प्रतिनिधियों के साथ करीब आठ घंटे चली बैठक में समझौते के बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया।