
नई दिल्ली। (वार्ता) देश में पिछले 24 घंटों के दौरान महाराष्ट्र में कोरोना वायरस (कोविड-19) के सर्वाधिक सक्रिय मामले बढ़े हैं जबकि इस महामारी से सबसे अधिक प्रभावित केरल में सक्रिय मामलों की संख्या में कमी आयी है। देश के 12 राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले बढ़े हैं जिनमें सर्वाधिक संख्या महाराष्ट्र में 3909 रही। पंजाब में 161, कर्नाटक में 90, मध्य प्रदेश में 45 और जम्मू-कश्मीर में 14 सक्रिय मामलों में वृद्धि हुई है। सक्रिय मामलों में सर्वाधिक कमी केरल में 364 हुई। वर्तमान में केरल में 60,087 और महाराष्ट्र में 45,956 सक्रिय मामले हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में गत 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 13,993 नये मामले सामने आये और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ नौ लाख 77 हजार से अधिक हो गया है। सक्रिय मामलों में 3585 की बढ़ोतरी हुई है और इनकी संख्या अब 1.43 लाख हो गयी है। इस दौरान 10,307 मरीज स्वस्थ हुए जिसे मिलाकर कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ छह लाख 78 हजार 048 हो गयी है। इसी अवधि में 101 और मरीजों की मौत हो गयी और मृतकों का आंकड़ा बढ़कर एक लाख 56 हजार 212 हो गया।