
अजमेर लोकसभा उपचुनाव: बिजयनगर में कांग्रेस ने 587 वोटों से बढ़त बनाई
राजस्थान में लोकसभा के दो व विधानसभा की एक सीट पर हुए उपचुनाव में मतदाताओं ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया। कांग्रेस ने भाजपा से तीनों सीट हथिया ली। अजमेर लोकसभा क्षेत्र के मसूदा विधानसभा क्षेत्र के बिजयनगर में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रदर्शन पर खारीतट संदेश की यह विशेष रिपोर्ट….
बिजयनगर। अजमेर संसदीय क्षेत्र के गत 29 जनवरी को हुए मतदान का परिणाम आने के बाद विभिन्न क्षेत्रों में कई समीकरण बदल गए हैं। मसूदा विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 55 हजार 826 में से 1 लाख 68 हजार 119 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया तथा मतदान प्रतिशत 65.74 प्रतिशत रहा।
इसी प्रकार बिजयनगर में कुल 24 हजार 418 मतदाताओं में से 14 हजार 31 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। यहां मतदान प्रतिशत 57.46 प्रतिशत रहा। शहर के कुल 19 मतदान केन्द्रों में से 11 मतदान केन्द्रों पर जहां भाजपा ने बढ़त बनाई वहीं 8 मतदान केन्द्रों पर कांग्रेस का दबदबा रहा।
कस्बे में सर्वाधिक मतदान राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय राजनगर पर स्थित मतदान केन्द्र संख्या 172 व 173 पर रहा। मतदान केन्द्र संख्या 173 के परिणाम में कांग्रेस प्रत्याशी रघु शर्मा को 719 वोट मिले। वहीं रामस्वरूप लाम्बा को 164 वोट मिले।
इसी प्रकार मतदान केन्द्र संख्या 172 पर कांग्रेस को 516 वोट मिले वहीं भाजपा को 254 वोट मिले। उक्त केन्द्रों पर वोट डालने वाले मतदाताओं में मुस्लिम व दलित मतदाताओं की संख्या सर्वाधिक थी।
इसी प्रकार मतदान केन्द्र संख्या 166 पर कुल 753 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। यहां भाजपा प्रत्याशी को 488 और कांग्रेस प्रत्याशी को 244 वोट मिले। इसी प्रकार मतदान केन्द्र संख्या 158 पर 790 मतदाताओं ने वोट डाले यहां कांग्रेस को 331 और भाजपा को 436 वोट मिले दोनों मतदान केन्द्रों पर भाजपा प्रत्याशी का दबदबा रहा।
मतदान केन्द्र संख्या 167 पर भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला कांटेदार रहा। यहां कुल 648 वोटों में से कांग्रेस को 302 और भाजपा को 324 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस
प्रत्याशी पर यहां मात्र 22 वोटों की बढ़त बनाई।
कस्बेे में कुल 14 हजार 31 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें से कांग्रेस को 7 हजार 48 वोट मिले और भाजपा को 6 हजार 461।
इस प्रकार कस्बे में कांग्रेस प्रत्याशी रधु शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप लाम्बा पर 587 वोटों की बढ़त बनाई। इस प्रकार निर्दलीय व अन्य प्रत्याशियों को 522 वोट मिले। कस्बे में कुल 88 मतदाताओं ने वीवीपेट मशीन पर नोटा का बटन दबाकर किसी भी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान नहीं किया।
इसी प्रकार मसूदा विधानसभा में कुल 874 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।