
‘टाइगर जिंदा है’ की दौड़ टिकट खिड़की पर पूरी हो गई है। फिल्म ने सिनेमाघरों में आठ हफ्ते गुजारे। इस दौरान इसने 339.16 करोड़ रुपए की कमाई की है। बीते हफ्ते सलमान की फिल्म को केवल आठ लाख रुपए मिले हैं।
अंदाजा लगाया जा रहा था कि इसकी कुल कमाई 340 करोड़ तक हो सकती है, इसमें कुछ लाख अब कम पड़ रहे हैं। यह अब सलमान खान की सबसे कमाऊ हिट बन गई है। इस फिल्म ने इतनी कमाई कर ली है जो सलमान की दूसरी फिल्में नहीं कर पाईं। ये सलमान का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले सलमान की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ थी, जिसने 320 करोड़ रुपए भारत में कमाए थे।
यह फिल्म कमाई के मामले में 2017 की टॉप मूवी है। इसके आगे बस एक डब्ड फिल्म ‘बाहुबली 2’ है। इसने ‘गोलमाल अगेन’ की कमाई 205.67 करोड़ को पीछे किया है।
2012 में आई ‘एक था टाइगर’ का ये सीक्वल है। इस बार इस फ्रेंचाइज में एक्शन को जोर रहा। याद दिला दें कि इसके ट्रेलर को दो दिन तक लगभग सात लाख व्यूज हर घंटे मिले थे। इस बार सलमान खान का मिशन है आतंकियों के कब्जे से भारतीय नर्सों को आजाद कराना। साथ में कटरीना भी हैं। फिल्म के निर्देशक अली अब्बास जफर हैं। ‘एक था टाइगर’ में निर्देशन का जिम्मा कबीर खान के पास था।