
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी की परेशानियों की फेहरिस्त लंबी होती जा रही है। विशेषकर राजस्थान भाजपा में इन दिनों काफी उथुलपुथल मची हुई है। पहले उपचुनाव में मिली करारी हार उसके बाद वायरल होते वीडियो व आॅडियो पार्टी नेताओं के लिए परेशानी का सबब रहे है। वहीं अब बीती रात भाजपा के एक विधायक का निधन हो गया है।
नाथद्धारा से विधायक कल्याण सिंह चौहान बीते करीब तीन वर्ष से कैंसर से ग्रसित थे। मंगलवार देर रात उनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें उदयपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां बुधवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली। भाजपा विधायक के निधन पर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने संवेदना व्यक्त की है।
वर्ष 2008 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में नाथद्धारा से कांग्रेस के दिग्गज नेता डॉ. सीपी जोशी को एक वोट से हराकर चर्चा में आए थे। कल्याण सिंह चौहान के डॉ जोशी को केवल एक वोट से हराने की चर्चा आज भी राजनीतिक गलियारों में होती है।
गौरतलब है कि वर्ष 2008 में कांग्रेस ने राजस्थान में वापसी की थी और अशोक गहलोत मुख्यमंत्री बने थे। लेकिन उस वक्त डॉ सीपी जोशी को मुख्यमंत्री का प्रबल दावेदार माना जाता था।