सशक्त और सबल नारी है न्यू इंडिया का सपना : मोदी

  • Devendra
  • 25/02/2018
  • Comments Off on सशक्त और सबल नारी है न्यू इंडिया का सपना : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तीकरण के लिए उनकी आत्मनिर्भरता पर जोर देते आज कहा कि सशक्त, सबल और देश के समग्र विकास में बराबर की भागीदार ‘नारी’ ही न्यू इंडिया का सपना है।

मोदी ने आकाशवाणी पर अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 41 वें संस्करण में कहा कि देश महिला विकास से आगे महिला नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है। नारी शक्ति ने अपने कार्यों से आत्मबल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया है। उन्होेंने स्वयं को आत्मनिर्भर बनाया है और ख़ुद को आगे बढाते हुए देश और समाज को भी आगे बढ़ाने और एक नए मुक़ाम पर ले जाने का काम किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आख़िर हमारा ‘न्यू इंडिया’ का सपना यही तो है जहाँ नारी सशक्त हो, सबल हो, देश के समग्र विकास में बराबर की भागीदार हो। ” उन्होेंने स्वामी विवेकानंद का जिक्र करते हुए कहा कि नारीत्व का विचार पूर्ण स्वतंत्रता में निहित है। यह विचार भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति के चिंतन को व्यक्त करता है।

इसलिए सामाजिक, आर्थिक जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं की बराबरी की भागीदारी सुनिश्चित करना यह हम सबका कर्तव्य और जिम्मेदारी है। उन्होेंने कहा, ‘‘ हम उस परंपरा का हिस्सा है, जहाँ पुरुषों की पहचान नारियों से होती थी। यशोदा-नंदन, कौशल्या-नंदन, गांधारी-पुत्र, यही पहचान होती थी किसी बेटे की।”

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com
Skip to toolbar