जांच में उलझी श्रीदेवी की मौत, शव लाने में होगी और देरी

  • Devendra
  • 27/02/2018
  • Comments Off on जांच में उलझी श्रीदेवी की मौत, शव लाने में होगी और देरी

दुबई/मुंबई। श्रीदेवी का शनिवार को निधन होने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण दुर्घटनावश डूबना बताया गया है। इस बीच उनकी मौत की जांच में उलझ गई है। यही कारण है कि अभिनेत्री श्रीदेवी की पार्थिव देह भारत लाने में लगातार देरी हो रही है।

पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह दुर्घटनावश डूबने से बताए जाने के बाद अब तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। वहीं पोस्टमार्टम के बाद अब पूरा मामला दुबई के सरकारी वकील के पास पहुंचा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अब सरकारी वकील मामले को देखेंगे और पूरी तरह संतुष्ट होने पर ही श्रीदेवी की देह ले जाने की अनुमति देंगे।

सरकारी वकील करेंगे जांच
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दुबई में किसी दूसरे देश के शख्स की मौत दुर्घटनावश होती है तो इसकी जांच सरकारी वकील के पास भेजी जाती है। पूरे मामले की जांच सरकारी वकील देखेंगे और अगर उन्हें जरूरी लगा तो फिर से पोस्टमार्टम के लिए कह सकते हैं। एक खबर यह है कि दुबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने श्रीदेवी के पति बोनी कपूर से पूछताछ की है और यहां तक संकेत मिले हैं कि बोनी कपूर का पासपोर्ट पुलिस ने अपने पास रख लिया है।

हालांकि, दुबई के अखबार खलीज टाइम्स ने इसका खंडन किया है। दूसरी खबर यह बताई जा रही है कि सरकारी पुलिस अब तक की जांच से संतुष्ट नहीं है और जांच आगे बढ़ाने के संकेत हैं। अगर ऐसा होता है तो न सिर्फ शव को मुंबई लाने में और ज्यादा विलंब हो जाएगा, बल्कि बोनी कपूर पर गिरफ्तारी का संकट गहरा सकता है। सूत्रों का कहना है कि दुबई पुलिस जल्दबाजी में नहीं है और जांच पूरी होने तक बोनी कपूर के दुबई छोड़कर जाने के पक्ष में नहीं है। सूत्रों के हवाले से ये संभावना भी जताई जा रही है कि अगले 24 घंटे में श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुंबई भेजने के लिए हरी झंडी दी जा सकती है, लेकिन बोनी को वहीं रोका जा सकता है।

शव सौंपने की प्रक्रिया पूरी होने में लगते हैं 2-3 दिन
यूएई में भारतीय राजदूत नवदीप सूरी ने सोमवार रात ट्वीट कर बताया कि वह श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। इस तरह के मामलों में प्रक्रिया पूरी होने में 2 से 3 दिन का समय लगता ही है।

पूरे कपूर परिवार के बयान होंगे
संभावना जताई जा रही है कि मामले में शादी समारोह में हिस्सा लेने गए कपूर परिवार के दूसरे सदस्यों के भी बयान लिए जाएंगे। इनमें श्रीदेवी की छोटी बेटी खुशी का नाम भी शामिल है। जिस होटल में श्रीदेवी रुकी थीं, वहां के स्टाफ से भी पूछताछ हो सकती है। रूम नंबर 2201 सीलसूत्रों का कहना है कि होटल ऐमिरेट्स का रूम नंबर 2201 पुलिस ने सील कर दिया है। इसी रूम में यह हादसा हुआ था। यही नहीं श्रीदेवी की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।

कानूनी प्रक्रिया में उलझी अंत्येष्टि
जटिल होती जा रही प्रक्रिया और कारणों को लेकर गहराते रहस्य के चलते श्रीदेवी के अंतिम संस्कार का मामला अभी और टलने की संभावना है। डॉक्टरों की तरफ से यह भी कहा जा रहा है कि दुबई में श्रीदेवी का शव सुरक्षित रखा रहेगा, लेकिन एक बार वहां से निकलकर मुंबई आने में कम से कम सात घंटे का वक्त लग जाएगा। जिसके बाद जल्दी ही अंतिम संस्कार की रस्मों को निभाना होगा।

आज देर शाम तक पार्थिव शरीर आने की उम्मीद
रिपोर्ट्स के अनुसार शनिवार को निधन के बाद श्रीदेवी की पार्थिव देह अब भी शवगृह में है। खबरों के अनुसार देह को चार दिन हो चुके हैं और ऐसे में उसे सुरक्षित रखने के लिए उस पर एक विशेष प्रकार का लेप लगाया जाएगा। इस लेप को लगाने में 4 घंटे का समय लगेगा और यह प्रक्रिया दोपहर में शुरू होगी।

वहीं सरकारी वकील शव ले जाने की अनुमति दे देते हैं तो दुबई से भारत आने में 3 घंटे से ज्यादा का वक्त लगता है। सारी चीजों के बावजूद उनकी देह भारत लाने में आज शाम हो सकती है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा है कि फिलहाल की परिस्थितियों को देखते हुए इसकी सिर्फ उम्मीद की जा सकती है।

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com
Skip to toolbar