
भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले की गंगापुर नगरपालिका अध्यक्ष रेखा चंदेल को निलंबित किये जाने के विरोध में आज कांग्रेस ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का पुतला जलाया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रकाश जाट की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज सहाड़ा चौपाटी पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया का पुतला जलाया।
बाद में कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाल उपखंड कार्यालय पहुँचे और राज्यपाल के नाम का ज्ञापन देकर पालिकाध्यक्ष रेखा चंदेल का निलंबन वापिस लेने की मांग की। उल्लेखनीय है कि सोमवार को गंगापुर नगरपालिका अध्यक्ष रेखा चंदेल को राज्य सरकार द्वारा निलंबित किये जाने के बाद कांग्रेस पार्टी ने भाजपा पर द्वेषतापूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस ने बयान जारी कर कहा कि वर्तमान कांग्रेस शासित बोर्ड ने गंगापुर शहर के विकास में नए आयाम स्थापित किये थे, जो कि भाजपा के स्थानीय नेताओं को पच नही पाया। इन्होंने पालिकाध्यक्ष चंदेल के निलंबन आदेश को अलोकतांत्रिक करार दिया है। निलम्बित पालिकाध्यक्ष रेखा चंदेल ने कहा कि राज्य सरकार ने अतिक्रमण अभियान को रोकने के मामले में उन्हें दोषी ठहराया है।