
बिजयनगर। श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ भैरव मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में 12 मार्च को होने वाले अंजनशलाका महोत्सव के तहत श्री सम्भवनाथ जैन मंदिर से शाही लवाजमे के साथ भगवान पार्श्वनाथ का वरघोड़ा निकाला गया।
वरघोडे़ में हाथी, ऊँट, घोड़ो, बेंड बाजों के साथ बग्गीयों में राजा महाराजा के रूप में अनेक जैन बंधु विराजित थे। वरघोड़ा प्रात: 9:45 पर सम्भवनाथ जैन मंदिर से शाही अंदाज से खरतरगच्छाधिपति मणिप्रभ श्री सूरीश्वर जी म.सा. व साध्वि मंडल के सानिध्य में रवाना हुआ।
वरघोड़ा महावीर बाजार से होता हुआ बापू बाजार, शिव बाजार से होता हुआ कृषि मंडी चौराहे पहुँचा जहां मुस्लिम समाज द्वारा वरघोडे़ का स्वागत किया गया। कृषि मंडी चौराहे से पीपली चौराहे होता हुआ वरघोड़ा राजदरबारसिटी पहुँचा।
पीपली चौराहे पर कृष्णा कम्प्यूटर के प्रोपराईटर कृष्णगोपाल नवाल, हेमंत नवाल, ललित नवाल द्वारा वरघोडे़ में शामिल श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया। वरघोड़े का बाजार में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। वरघोड़े में ट्रस्ट अध्यक्ष योगेन्द्र राज सिंघवी, मंत्री पवन बोरदिया, कोषाध्यक्ष पुखराज डांगी सहित सभी पदाधिकारी व शहर के अनेक संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
वरघोडे़ में क्या छोटे क्या बडे़, क्या पुरूष क्या महिलाऐं सब गुजराती बैण्ड पर थिरकते नजर आये। वरघोडे़ में शांति व सुरक्षा का जिम्मा निजी सुरक्षा एजेंसी सहित बिजयनगर पुलिस के सुपुर्द रहा।